चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में इंद्रप्रीत सिंह पैरी की हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में बराड़ ने पैरी की हत्या का आरोप लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप पर लगाया है। उसने दावा किया कि पैरी को दोस्ती का हवाला देकर सेक्टर 26 बुलाया गया था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, अमर उजाला इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। वायरल ऑडियो में गोल्डी बराड़ खुद को परिचित कराते हुए कहता है कि इंद्रप्रीत पैरी हमारा भाई था। उसकी हत्या लॉरेंस ने करवाई है। पहले शादी की बधाई दी और फिर फोन कर सेक्टर 26 बुलाया। कहा कि वहां एक दोस्त मिलेगा, उसी के फोन से बात करनी है लेकिन जैसे ही पैरी वहां पहुंचा, उसे मार दिया गया। बराड़ ने दावा किया कि लॉरेंस और पैरी के परिवार के बीच काफी नजदीकी थी। उसने कहा कि पैरी के माता-पिता ने लॉरेंस को कई मुश्किल वक्त में बेटे की तरह संभाला लेकिन बदले में उसी परिवार के बेटे को मौत के घाट उतार दिया गया। उसके मुताबिक पैरी की मां उसे बेटों जैसा समझकर रोटियां भेजती थी लेकिन उसी मां के बेटे को लॉरेंस ने मार दिया। ऑडियो में लॉरेंस को धमकाते हुए बराड़ कहता है कि अब वह उलटी गिनती शुरू कर दे। उसने कहा कि वह किसी बेगुनाह को नहीं मारेगा बल्कि कसूरवार को ही निशाना बनाएगा। उसने अपने ग्रुप और लॉरेंस ग्रुप के बीच विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि सिप्पा को उन्होंने कारणों से मारा, क्योंकि वह पुलिस का मुखबिर था, पैसे खाता रा और ठगी करता था।