पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान व पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया है। नवजोत कौर सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से कुछ घंटे पहले ही पार्टी छोड़ने का फैसला लिया और सोशल मीडिया पर एलान कर दिया कि अब व कांग्रेस के साथ नहीं रहेंगी। नवजोत कौर सिद्धू के पार्टी छोड़ने पर पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने कहा कि अब नेताओं की कोई विचारधारा नहीं रही है, कोई भी किसी भी पार्टी में शामिल हो जाता है। उन्होंने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि सब जानते हैं कि देश को कौन गलत दिशा में ले जा रहा है और ऐसी पार्टियों से बचना चाहिए। हमने जब भी कहीं कोई बयान दिया है, पार्टी से सलाह-मशविरा करके ही दिया है। चरणजीत सिंह चन्नी के पार्टी छोड़ने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब में इतनी पॉलिटिकल उथल-पुथल है कि यह कहना बहुत मुश्किल है कि कौन कहां जाएगा, लेकिन मुझे लगता है कि चन्नी कांग्रेस में ही रहेंगे। कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर उन्होंने कहा कि यह साफ है कि कांग्रेस में गुटबाजी है और हम लगातार कोशिश कर रहे हैं और मैं एक बार फिर दिल्ली जाकर हाईकमान से इसे खत्म करने की रिक्वेस्ट करूंगा।