फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali Crime: मोहाली SSP ऑफिस के बाहर दिनदहाड़े मर्डर, गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी

Video Desk Amar Ujala Dot Com Updated Thu, 29 Jan 2026 05:06 PM IST

मोहाली में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बुधवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। काले रंग की पल्सर बाइक पर आए दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ 15 से 17 राउंड फायर किए। हमले में युवक की पत्नी भी निशाने पर थी, लेकिन गोली सिर को छूते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गई। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गूरी निवासी गांव रुड़की पुख्ता (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। इस हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने ली है। गुरविंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ पहले से दर्ज अफीम के एक मामले की सुनवाई के लिए मोहाली अदालत आया था। हमलावर हत्या के बाद हीरो होम्स सोसायटी के सामने से बनूड़ साइड की तरफ फरार हो गए। पुलिस को मौके से 15 के करीब कारतूस बरामद हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार गुरविंदर सिंह पर 4 किलो अफीम के साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह जमानत पर बाहर था। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह एसएसपी कार्यालय के मुख्य गेट के पास अपनी कार में बैठ रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पल्सर बाइक पर सवार एक युवक ने टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था, जबकि दूसरा सरदार बताया जा रहा है। एक वकील पलविंदर सैनी ने बताया कि पहले आवाज टायर फटने जैसी लगी, लेकिन बाहर आकर देखा तो आरोपी लगातार गोलियां चला रहा था। पुलिस के अनुसार गुरविंदर सिंह को सिर और मुंह पर कई गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डीआईजी रोपड़ रेंज नानक सिंह ने बताया कि हमलावर सेक्टर-82 से होते हुए बनूड़ की ओर फरार हुए हैं। शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। सीआईए स्टाफ समेत कई टीमें जांच में जुटी हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटियाला पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें