हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा के खिलाफ पंजाब पुलिस ने केस दर्ज किया है। पटियाला पुलिस ने झींडा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। झींडा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई हुई है। पातड़ां के डीएसपी इंद्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि कमेटी के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल की शिकायत पर मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले झींडा की शिकायत पर पटियाला पुलिस ने दादूवाल के अलावा सात अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 323, 341, 148 व 149 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया था। दादूवाल व अन्य पर हथियारों से लैस होकर गलत तरीके से रास्ता रोकने व चोट पहुंचाने के आरोप लगे थे।