कबड्डी प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में भागे आखिरी शूटर को पुलिस ने त्रिपुरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आदित्य उर्फ मक्खन के रूप में हुई है। वह अमृतसर का रहने वाला है और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ मिलकर चलाए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान की गई। आरोपी को त्रिपुरा के अगरतला से काबू किया गया। पुलिस के अनुसार आदित्य उर्फ मक्खन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, हथियारों के बल पर लूट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट सहित कम से कम 14 मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर इस वारदात को अंजाम दिया था। आदित्य के फरार होने के बाद से ही उसकी तलाश जारी थी। जैसे ही उसके ठिकाने के बारे में खुफिया जानकारी मिली। पुलिस ने शैडो हंट नाम से एक इंटर-स्टेट ऑपरेशन शुरू किया।