पंजाब के आनंदपुर साहिब के गांव अगमपुर में चंडीगढ़ पुलिस के रिटायर्ड डीएसपी ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता नितिन नंदा पर गोलियां चलाई थी। घटना को अंजाम देने के बाद पूर्व डीएसपी दिलशेर सिंह राणा फरार हो गया था। आरोपी ने वीरवार को आत्मसमर्पण कर दिया है। इस संबंध में जिला पुलिस प्रमुख गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि आरोपी समेत कुल छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी रूपनगर का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कई टीमें गठित कीं, जिनकी कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं, जिनमें 32 बोर का पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और तीन खोखे शामिल हैं।