मोगा के सेखा वाला चौक पर स्थित दो किराने की दुकानों और एक मेडिकल स्टोर में रविवार रात तीन बजे चोरी हो गई। चोरों ने तीनों दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने दुकानों के शटर टूटे हुए देखे और तुरंत इसकी सूचना संबंधित दुकानदारों को दी। जब दुकानदार मौके पर पहुंचे और दुकानों की स्थिति देखी, तो उनके होश उड़ गए। तीनों दुकानों के गल्ले गायब थे और नकदी लूट ली गई थी। जानकारी के अनुसार, एक किराने की दुकान से करीब दो लाख रुपये, दूसरी किराने की दुकान से लगभग ढाई लाख रुपये और मेडिकल स्टोर से लगभग 4 से 5 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। किराने के दुकानदारों ने कहा कि कल रविवार होने के कारण उनके व्यापारियों को पेमेंट नहीं दे पाए थे। आज पेमेंट करनी थी। दुकानदारों ने चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।