आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के सभी हलकों में बस यात्रा निकालने का फैसला लिया है। इसे फ्लैग ऑफ करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पंजाब आएंगे। खास बात यह कि सूबे के सभी बडे़ नेता इस बस पर सवार रहेंगे। कांग्रेस ने पंजाब में अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। इसी के मद्देनजर पार्टी हाईकमान ने पंजाब के लिए एक मेगा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत सभी 117 हलकों में चरणबद्ध बस यात्राएं शुरू की जाएंगी। दरअसल, हाईकमान सूबे के वरिष्ठ नेताओं में मनभेद और मतभेद को लेकर ज्यादा चिंतित है। राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दोनों पंजाब के नेताओं को साफ शब्दों में एकजुट रहने की चेतावनी तक दे चुके हैं। नेताओं को यह बताया जा चुका है कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि पंजाब फतेह करना है तो हर हाल में एकजुट होकर लड़ना होगा।