गली नंबर 13, मकबूलपुरा की वायरल वीडियो मामले में अमृतसर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। थाना मकबूलपुरा की प्रभारी इंस्पेक्टर अमनदीप कौर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद तुरंत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान वीडियो में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इंस्पेक्टर अमनदीप कौर ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।