पंजाबी फिल्म दमा दम मस्त कलंदर की स्टार कास्ट शनिवार को सच्चखंड श्री दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंची। कलाकारों ने गुरु घर में हाजिरी लगाकर फिल्म की सफलता के लिए अरदास की। इस दौरान फिल्म के मुख्य अभिनेता किंग बी चौहान ने कहा कि परमात्मा की कृपा के बिना कुछ भी संभव नहीं है और दरबार साहिब में नतमस्तक होकर उन्हें अपनी फिल्मी यात्रा सफल होती महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का विषय बेहद अलग और मनोरंजक है। आमतौर पर पंजाब के युवा विदेशों में नौकरी करने जाते हैं, लेकिन इस फिल्म में एक विदेशी युवक के पंजाब आकर नौकरी करने और यहां के सिस्टम से जूझने की कहानी दिखाई गई है। इसे हास्य और पारिवारिक मनोरंजन के अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। किंग बी चौहान ने कहा कि फिल्म का विचार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार आने पर विदेशी लोग भी पंजाब की पीआर लेने आएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में फिल्म बनाना बड़ा जोखिम है, लेकिन यह पूरी तरह साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्म है, जिसमें किसी तरह की अश्लीलता या डबल मीनिंग संवाद नहीं हैं। उन्होंने देश-विदेश में बसे पंजाबियों से परिवार सहित फिल्म देखने और इसे अपना प्यार देने की अपील की।