किसान मजदूर संघर्ष कमेटी अपने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए हर गांव और कस्बे में टीमें गठित कर रही है। यह जानकारी किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने दी। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। ऐसे में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना बेहद जरूरी है। पंधेर ने बताया कि इन टीमों के माध्यम से किसानों और मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और उनकी समस्याओं को एकजुट होकर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई, कर्ज, फसल की उचित कीमत और मजदूरों की मजदूरी जैसे मुद्दों पर संघर्ष तेज किया जाएगा। किसान नेता ने साफ किया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन अगर सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो संघर्ष को और व्यापक रूप दिया जाएगा।