पंजाबी गायक और अभिनेता मनकीरत औलख गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुरु घर में नतमस्तक होकर सरबत के भले की अरदास की और वाहेगुरु का शुक्राना अदा किया। मनकीरत औलख के दर्शन के लिए उनके प्रशंसकों में भी खास उत्साह देखने को मिला। मीडिया से बातचीत करते हुए मनकीरत औलख ने बताया कि उनकी नई EP हाल ही में रिलीज हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने पहले ही फैसला किया था कि EP रिलीज होने के बाद सबसे पहले दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचेंगे। इसी संकल्प के तहत वह श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि EP में आमतौर पर सात से आठ गाने शामिल होते हैं और यह उनकी दूसरी EP है। इससे पहले वह अधिकतर सिंगल गाने ही रिलीज करते रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों से नई EP को सुनने और भरपूर समर्थन देने की अपील की। अपने फैंस के लिए संदेश देते हुए मनकीरत औलख ने कहा कि हर इंसान को रब के भाने में रहना चाहिए और किसी का दिल नहीं दुखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमेशा अपने आसपास के लोगों को खुश रखें और जिंदगी में सकारात्मक सोच के साथ चढ़दी कला में रहें।