अमृतसर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सोमवार को लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला ने विभिन्न विकास परियोजनाओं और बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कमिश्नर, नगर निगम आयुक्त, पुलिस आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद सांसद औजला ने कहा कि शहर में कूड़ा प्रबंधन और लंबे समय से लंबित नेशनल हाईवे परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाकर डंप का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग किया जाएगा। औजला ने बीआरटीएस परियोजना को विफल करार देते हुए आरोप लगाया कि इस पर 600 से 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मानसून के मद्देनजर बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सांसद ने अजनाला व दरियाई क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि डीसिल्टिंग की आड़ में माइनिंग हो रही है, जिससे खतरा बढ़ सकता है। पंचायतों में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।