कनाडा में रह रहे पंजाब मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय बीर इंदर सिंह के रूप में हुई है, जो स्टडी वीजा पर कनाडा गया हुआ था। यह घटना 14 मार्च को एडमंटन के पास लेडुक क्षेत्र में हाईवे-2 पर हुई, जिससे पंजाब सहित कनाडा में बसे भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीर इंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ छुट्टी के दिन लंबी ड्राइव पर गया हुआ था। इसी दौरान एक अन्य कार काफी देर तक उनका पीछा करती रही और रेस लगाने की कोशिश करती रही। कुछ समय बाद वह कार आगे आकर अचानक रुक गई। दोस्तों के मुताबिक, दूसरी कार में बैठे व्यक्ति ने शीशा नीचे कर इशारा किया, जिस पर बीर इंदर सिंह और उसके साथियों ने भी जवाब दिया। इसी बीच अचानक हमलावर ने गोली चला दी, जो सीधे बीर इंदर सिंह को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से उसके दोस्त सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद कनाडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है। फिलहाल हमले के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मृतक के परिजनों ने इस घटना को भेदभाव से जुड़ा मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बीर इंदर सिंह अमृतसर के प्लां साहिब रोड के पास के इलाके का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, वह अमृतधारी सिख युवक था और हमेशा दास्तार धारण करता था। करीब तीन साल पहले वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था और पढ़ाई पूरी करने के बाद अल्बर्टा में कंस्ट्रक्शन कार्य से जुड़ा हुआ था। परिवार का कहना है कि उसने अपनी मेहनत से वहां अच्छा जीवन स्थापित कर लिया था और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहा था, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।