सिख पंथ के तीसरे गुरु, धन-धन श्री गुरु अमरदास जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर सचखंड श्री दरबार साहिब में आज सुबह से ही भारी रौनक देखने को मिली। पंजाब सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु घर में माथा टेकने पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया। पावन अवसर पर पूरे दिन गुरबाणी कीर्तन, पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। संगत ने पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु साहिब के दर्शन किए। पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा में डूबा नजर आया, जहां हर ओर ‘वाहेगुरु’ का जाप गूंजता रहा। शाम के समय रहिरास साहिब के पाठ और अरदास के बाद दरबार साहिब में भव्य और अलौकिक आतिशबाज़ी का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा, वहीं सरोवर में पड़ती रोशनी की झलक ने दृश्य को और भी मनमोहक बना दिया। इससे पहले संगत द्वारा परिक्रमा में दीपमाला भी की गई, जिससे पूरा परिसर रोशनी से नहाया हुआ दिखाई दिया। गुरु अमरदास जी ने सिख धर्म में समानता, सेवा और लंगर की परंपरा को मजबूत किया तथा मानवता को जात-पात से ऊपर उठकर जीवन जीने का संदेश दिया। यही कारण है कि संगत हर वर्ष उनका प्रकाश गुरुपर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती है।