रियाल्टो चौक स्थित हैड पोस्ट ऑफिस में शुक्रवार को पेंशन भोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 4.0 की शुरुआत की गई। इस दौरान सीनियर सुपरिंटेंडेंट पोस्ट ऑफिसर प्रवीण कुमार ने बताया कि यह पहल खासतौर पर सरकार ने पेंशनर्स के लिए लागू की है, इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पेंशनर्स को बिना किसी परेशानी के घर बैठे ही अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट पत्र प्राप्त करने के बाद कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि अभियान 30 नवंबर तक चलेगा और पहले दिन 50 के करीब लोगों ने पोस्ट ऑफिस पहुंचकर बायोमैट्रिक करवाई। पेंशनर्स वेलफेयर डिपार्टमेंट के अंडर सेक्रेटरी नागेंद्र कुमार ने बताया कि अब पेंशनर्स अपने मोबाइल या लेपटॉप से ही ऐप डाउनलोड करके डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट हासिल कर सकते है। उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवक पेंशनर्स के घर जाकर बायोमैट्रिक के जरिये उनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार कर रहे हैं। इस सेवा के लिए केवल 70 रुपए तय किए गए है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और पारदर्शी है।