अमृतसर में मीट कारोबार से जुड़े व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता राम चावला के घर पहुंचा और अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा अमृतसर की चारदीवारी (वॉल्ड सिटी) में मीट कारोबार बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, जिससे उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से वे इसी क्षेत्र में अपना कारोबार कर रहे हैं और अचानक लगे प्रतिबंध से उनके सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि सरकार उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए या इस फैसले पर पुनर्विचार करे। गौरतलब है कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने अमृतसर की चारदीवारी को “पवित्र क्षेत्र” घोषित किया है। इसके बाद इस इलाके में मांस, शराब और तंबाकू जैसी चीजों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और दुकानों को शहर के बाहर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मीट व्यापारियों ने भाजपा नेता से अपील की कि वह उनकी समस्या को प्रशासन और सरकार के सामने उठाएं ताकि उन्हें राहत मिल सके। वहीं राम चावला ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।