कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी के एक संगठित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 523 ग्राम आईस ड्रग (मेथामफेटामाइन) और दो आधुनिक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार थाना गेट हकीमा में दर्ज एफआईआर के तहत गश्त व तलाशी अभियान के दौरान सतनाम सिंह उर्फ बिंदी को काबू किया गया, जिसके पास से आईस ड्रग और हथियार मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह यह नशा रमन, चिराग, ऋषभ और वैभव को सप्लाई करता था। इसके बाद चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी सिग्नल ऐप के जरिए ऑस्ट्रेलिया में बैठे हैंडलर के संपर्क में था, जो पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से नशा और हथियारों की सप्लाई करवाता था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।