शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके की घटना के बाद पूरे पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत अमृतसर रेलवे स्टेशन पर भी प्रशासन द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से स्टेशन के हर हिस्से की जांच की। डॉग स्क्वॉड की मदद से प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, टिकट काउंटर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान यात्रियों के बैगों की बारीकी से जांच की गई और ट्रेनों के अंदर भी चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और स्टेशन पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की निगरानी की जा रही है। डीएसपी जीआरपी अरविंदर सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में भी रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग की जाती है, लेकिन हालिया घटना के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।