होली के त्योहार और गुरदासपुर में हाल ही में हुई घटना को देखते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसपी गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी ली। एसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नशीला पदार्थ, अवैध हथियार या संदिग्ध सामान ट्रेन के जरिए न ले जाया जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी जीआरपी ने नशीले पदार्थ और पिस्तौल बरामद कर कई मुकदमे दर्ज किए थे। इसके अलावा लुधियाना से 15 मोबाइल फोन तथा जीआरपी अमृतसर द्वारा 61 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए थे। स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी भी बढ़ा दी गई है। जीआरपी के पास 19 और आरपीएफ के पास 34 कैमरे लगे हैं। प्रत्येक ट्रेन के साथ दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूरे पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।