पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को अजनाला शहर में जागरूकता पैदल यात्रा निकाली गई। पैदल यात्रा का नेतृत्व अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पैदल यात्रा अजनाला शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी, जहां लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। विधायक धालीवाल ने आमजन से अपील की कि नशों को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस और सरकार का सहयोग करें तथा नशा तस्करों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं। विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और एक स्वस्थ व सुरक्षित समाज की स्थापना करना है।