वसंत पंचमी के पावन अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा छेहर्टा साहिब में भारी जोड़ मेला लगा। सुबह से ही देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर गुरु घर की खुशियों में भाग लिया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधकों की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे, जिनकी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी गई थीं। त्योहार के दौरान छेहर्टा क्षेत्र में युवाओं द्वारा पतंगबाजी की गई, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना रहा। पीले रंग की पतंगों से आसमान रंगीन नजर आया। वहीं, विभिन्न स्थानों पर गुरु का अटूट लंगर लगाया गया, जहां संगतों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि बसंत पंचमी का यह पर्व हर वर्ष बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। गुरुद्वारा छेहर्टा साहिब का इतिहास गुरु अर्जन देव जी और गुरु हरगोबिंद साहिब जी से जुड़ा है। हालांकि, बीती रात हुई बारिश के कारण कुछ श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना भी करना पड़ा।