पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेह सिंह कॉलोनी, 88 फुट रोड स्थित ड्रग तस्करों की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार ध्वस्त की गई संपत्ति ईशू पुत्र अमरनाथ निवासी गली नंबर 11, फतेह सिंह कॉलोनी की थी। वह और उसका भाई प्रिंस नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल बताए जाते हैं। ईशू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत चार मामले दर्ज हैं, जबकि उसके भाई प्रिंस के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को गिरा दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के पैसों से बनाई गई संपत्तियों को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ड्रग तस्करी से संबंधित जानकारी पंजाब पुलिस की एंटी ड्रग हेल्पलाइन 97791-00200 पर साझा करें। जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।