अमृतसर रेलवे पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 48 घंटे के भीतर एक ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया है। यह हत्या महज 5-7 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो फरार साथियों की तलाश जारी है। रेलवे पुलिस थाना के एसएचओ सुखविंदर सिंह सरां ने बताया कि 2–3 फरवरी की रात वेरका रेलवे लाइन (अमृतसर–पठानकोट मार्ग) पर एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक के गले पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे। मौके पर कोई सीसीटीवी न होने से मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। मृतक की पहचान अनू वर्मा निवासी बटाला रोड के रूप में हुई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पंकज और मृतक के बीच पैसों को लेकर विवाद था। गुस्से में आकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अनू की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है।