अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पार्टी के अंदरूनी सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि “दिल्ली मॉडल” के नाम पर लेन-देन का सिस्टम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में लगाए गए आरोप किसी एक घटना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह लंबे समय से चल रहा मामला है। “मैं 11 मार्च 2022 से ही यह सब देख रहा हूं,” उन्होंने दावा किया। उनके अनुसार, यदि एक व्यक्ति पर आरोप लगते हैं तो अन्य लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि यह पूरा मामला सिर्फ अमृतसर तक सीमित नहीं है, बल्कि चंडीगढ़ और दिल्ली तक फैले एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि समय आने पर सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने “स्वराज” के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। साथ ही दावा किया कि कुछ लोग मेयर या अन्य पदों के लिए पैसे देने की बात करते रहे हैं, जिनके उदाहरण उनके पास मौजूद हैं। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के कार्यों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि काउंसलरों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा और कई विकास कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। “जनता का एक-एक पैसा सही तरीके से खर्च होना चाहिए,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि वे खुद निगम बैठकों में जाकर लंबित कार्यों को पास करवा चुके हैं और करीब 90 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं। साथ ही मेयर से अपील की कि सभी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। अंत में उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता ही सच्चाई का फैसला करेगी, क्योंकि “जनता की अदालत सबसे बड़ी होती है।”