पंजाब पुलिस को ड्रग्स के खिलाफ जंग में एक और बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर के सीआईए स्टाफ-1 और सिटी पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। यह कार्रवाई अमृतसर के भक्तावाला के पास दाना मंडी इलाके में की गई, जब तीनों आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्करों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से सीमा पार से ड्रग्स की खेप मंगवाते थे। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरप्रीत सिंह मंडेर और एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन नवजोत सिंह, एसीपी डिटेक्टिव की देखरेख में इस ऑपरेशन को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन की खेप प्राप्त की थी। पुलिस ने पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्करों और उन लोगों की पहचान के लिए जांच जारी रखी है, जिन्हें ये ड्रग्स पहुंचाई जानी थीं। इस मामले में अमृतसर के पुलिस स्टेशन सी-डिवीजन में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस नंबर 90 दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस ने अपने बयान में कहा कि वे पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।