सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब से संबंधित एक कथित आपत्तिजनक AI वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिख संगत में भारी रोष देखने को मिल रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दरबार साहिब के अंदर अनुचित दृश्य दिखाए गए हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सख्त नोटिस लिया है और वीडियो बनाने वालों के खिलाफ तत्काल जांच व कार्रवाई की मांग की है। कमेटी ने सरकार से अपील की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं। मीडिया से बातचीत में SGPC सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पिछले कुछ समय से AI तकनीक के जरिए दरबार साहिब, सिख समुदाय और गुरु साहिबानों से संबंधित भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रेवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इस तरह के मामलों को रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करना संविधानिक मूल्यों के खिलाफ है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एसजीपीसी ने अपने स्तर पर एक कमेटी का गठन किया है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान सरकार और कानून व्यवस्था के जरिए ही संभव है। एसजीपीसी ने एक बार फिर सरकार से मांग की कि धार्मिक स्थलों और आस्था से जुड़े मामलों में इस तरह की हरकतों पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी धर्म की भावनाएं आहत न हों।