आम आदमी पार्टी के मजीठा हलका इंचार्ज तलबीर सिंह गिल ने मजीठा थाना विवाद और नगर काउंसिल चुनावों को लेकर शिरोमणि अकाली दल तथा बिक्रम सिंह मजीठिया पर तीखा हमला बोला है। अमृतसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गिल ने कहा कि मजीठा थाने में हुई घटना पहले से सुनियोजित थी और इसका उद्देश्य माहौल खराब कर राजनीतिक लाभ लेना था। उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल चुनावों की मतगणना पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुई। हाईकोर्ट के पर्यवेक्षकों और सीसीटीवी निगरानी में गिनती करवाई गई। आम आदमी पार्टी ने सात सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है, इसलिए धांधली और धक्केशाही के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। तलबीर गिल ने आरोप लगाया कि मजीठा थाने में एक आरोपी को छुड़ाने के लिए समर्थकों ने हंगामा किया, सरकारी रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ की और पुलिस अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप नहीं करती तो आरोपी को थाने से बाहर ले जाया जा सकता था। गिल ने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मजीठा के युवाओं से अपील की कि वे भड़काऊ राजनीति से दूर रहें और क्षेत्र में शांति व भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करें।