आम आदमी पार्टी के नेता सरबजीत सिंह बल्ल ने शुक्रवार को जिला परिषद अमृतसर के नवनिर्वाचित चेयरमैन के रूप में पदभार संभाल लिया। जिला परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और विभिन्न विधानसभा हलकों के इंचार्ज मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद सरबजीत सिंह बल्ल ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी हाईकमान, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और पार्टी द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है और वह इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे।