अमृतसर के मजीठा रोड क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते गोलीबारी की घटना सामने आई है। हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पीड़ित सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि वह ताज होटल में काम करता था और वहां कार्यरत एक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले नौकरी से निकाले जाने के बाद रंजिश और बढ़ गई। पीड़ित के अनुसार, 24 जून की शाम बातचीत के बहाने उसे मिलने के लिए बुलाया गया। तय स्थान पर पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। बचने की कोशिश में गोली उसकी जांघ में लगी। आरोप है कि हमलावरों ने दातर समेत अन्य हथियारों से भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की और वारदात के बाद फरार हो गए। एसीपी कमलजीत सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना की वजह ताज होटल में हुआ पुराना विवाद था। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।