अमृतसर के कोट मीत सिंह इलाके में पतंगबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। इस दौरान ईंट-पत्थरों से हुए हमले में एक नाबालिग लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल नाबालिग के रिश्तेदार लखविंदर सिंह ने बताया कि करीब 13-14 वर्षीय बच्चा पिछले कुछ महीनों से उनके पास रह रहा था। कुछ दिन पहले पतंग की डोर को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने रंजिश रख ली। आरोप है कि पहले बच्चे को घर से उठाकर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में फोन कर उसे छुड़वाने की बात कही गई। लखविंदर सिंह के अनुसार, तीन-चार दिन बाद फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान नाबालिग के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर एसपी अमृतसर विशालजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पतंगबाजी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोली चलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।