नूंह जिले में भ्रष्टाचार का खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी तंत्र में फैले रिश्वतखोरी नेटवर्क का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आए दिन अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जा रहे हैं। शुक्रवार को एक बार फिर नूंह विजिलेंस टीम ने पुरानी तहसील नूंह से आलदोका हलका के पटवारी गुरमेल सिंह और उसके सहयोगी तसलीम निवासी रायपुरी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने आलदोका निवासी एक व्यक्ति की जमीन संबंधी कागजात सही कराने के बदले अवैध रकम की मांग की थी। जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया कि जमीन के दस्तावेजों को ठीक करने के नाम पर पटवारी और उसका सहायक लगातार उससे रुपये की मांग कर रहे थे। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की। विजिलेंस टीम ने शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी की और आरोपी कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। तय प्लान के तहत शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे शिकायतकर्ता ने पुरानी तहसील परिसर में पटवारी गुरमेल सिंह को पांच हजार रुपये नकद दिए। जैसे ही रुपये उसके हाथ में पहुंचे, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस की टीम ने उसे धर दबोचा। उसी दौरान सहायक तसलीम को भी फोन पे के माध्यम से दिए गए पांच हजार रुपये की पुष्टि पर गिरफ्तार कर लिया गया।