नगर निगम में शुक्रवार को गोसेवा संगठन के पदाधिकारियों ने जोरदार हंगामा किया। संगठन ने आरोप लगाया कि महानगर में बेसहारा गोवंश सड़कों पर तड़प रहे हैं और उनके उपचार व देखभाल की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर निगम द्वारा गौशालाओं और पशु चिकित्सालयों के लिए करोड़ों का बजट स्वीकृत होने के बावजूद धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा है। जगह-जगह दुर्घटनाओं में गोवंश घायल हो रहे हैं, मगर उपचार के लिए टीम तक मौके पर नहीं पहुंचती। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।