लखीमपुर खीरी में बुधवार सुबह अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चुनाव को लेकर बवाल हो गया। बैंक के प्रधान कार्यालय के पास भाजपा के ही दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के लोगों ने सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा को पीट दिया। घटना की सूचना मिलते ही फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चुनाव को लेकर मंगलवार से तनातनी और आरोप-प्रत्यारोप चल रहे थे। बुधवार सुबह दोनों पक्षों के लोग बैंक के सामने जुटे। कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बैंक की पूर्व अध्यक्ष के पति व जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सदर विधायक योगेश वर्मा को पीट दिया।