कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह एक घटना सामने आई, जिसमें निर्माण दिन ऑयल सीड फैक्ट्री के चार श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सभी युवक बुधवार रात खाना खाने के बाद फैक्ट्री परिसर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में कोयला जला रखा था, जबकि कमरे में वेंटिलेशन नहीं था। कोयला जलने से रातभर कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड भर गई, जिसके कारण चारों श्रमिकों की नींद में ही जान चली गई। सुबह जब साथियों ने उन्हें उठाने के लिए दरवाजा खटखटाया और प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा खोलकर अंदर देखा। सभी युवक कमरे में मृत अवस्था में मिले।