फिरोजपुर के गांव फत्तू वाला समेत अन्य चार गांव में फैली सेना की हवाई पट्टी की जमीन दो लोगों ने अन्य लोगों को बेच दी। एसपीडी मनजीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत निशान सिंह निवासी मलवाल कदीम ने विजिलेंस को दी थी। इस संबंधी फिरोजपुर विजिलेंस विभाग ने उक्त मामले की जांच की और जांच करने के बाद एसएसपी फिरोजपुर को मामला दर्ज करने संबंधी रिपोर्ट दी थी। एसपीडी ने बताया कि गांव फत्तू वाला व अन्य गांव का कुछ रकबा सेना हवाई पट्टी के लिए घोषित किया गया था। यह जमीन सेंटर गवर्नमेंट की है। किसी कारण उक्त जमीन सेना हवाई पट्टी के नाम तब्दील नहीं हुई थी। उक्त सरकारी जमीन के दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर मां और बेटे ने प्राइवेट लोगों को यह जमीन बेच दी। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने आरोपी ऊषा आंसल पत्नी टेक चंद और नवीन आंसल पुत्र टेक चंद वासी गांव डूमनी वाला जिला फिरोजपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।