गुरुग्राम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को जिले के सरकारी स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें। हरियाणा पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से जारी निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को आवश्यक तैयारियां करने के लिए कहा है। इस साल विश्व पर्यावरण दिवस की थीम क्लाइमेट एक्शन रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व और जलवायु परिवर्तन से होने वाले प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में पौधारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, पोस्टर व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, जागरूकता रैलियां, भाषण प्रतियोगिता और सेमिनार आयोजित किए जाएंगें।