उत्तर प्रदेश बड़ी खबरें जो बनी दिन की सुर्खियां।
राजधानी लखनऊ की हवा में पिछले साल की तुलना में सुधार जरूर दिखा है, लेकिन यह अब भी राष्ट्रीय मानकों से ऊपर है। भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान संस्थान (IITR) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र अमौसी, व्यावसायिक क्षेत्र आलमबाग और आवासीय क्षेत्र गोमतीनगर में सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण दर्ज किया गया है।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण किया। जियामऊ, डालीबाग स्थित एकता वन में आयोजित भव्य समारोह में सीएम ने दुर्बल आय वर्ग के 72 परिवारों को फ्लैट के आवंटन पत्र वितरित किए।
एक मामले की सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि जमानत के बाद रिहाई में देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सरकारी तंत्र की शिथिलता के कारण कैदियों की रिहाई में देरी असंवैधानिक है। कोर्ट ने कहा कि सरकार एक दिसंबर से पूरे राज्य में बेल ऑर्डर मैनेजमेंट सिस्टम (BOMS) प्रणाली सख्ती से लागू करे, जिससे कि जमानत आदेश ई-प्रिजन पोर्टल के जरिए सीधे जेल अधीक्षक तक पहुंचे।
सीओ ऋषिकांत शुक्ला को 100 करोड़ से अधिक संपत्ति एकत्रित करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विजिलेंस की जांच भी शुरू हो गई है। उन पर कानपुर में तैनाती के दौरान लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे थे। एसआईटी जांच में 12 स्थानों पर 92 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिलने की पुष्टि हुई थी।
सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन की तारीख को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। इस बीच मंगलवार को गाड़ी के ट्रायल की तारीख में भी बदलाव कर दिया गया। अब आठ नवंबर को 26504 लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल किया जाएगा।
गढ़मुक्तेश्वर में महाभारत काल से जुड़े पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का मुख्य स्नान पर्व बुधवार को हुआ। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, खादर और ब्रजघाट मेले में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।