टाटा-एयरबस प्रोजेक्ट के गुजरात जाने पर महाराष्ट्र में राजनीति तेज हो गई है। महाराष्ट्र में सीएम एकनाथ शिंदे नीत गठबंधन सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दरअसल, महाराष्ट्र की पूर्व महाविकास अघाड़ी सरकार का हिस्सा रही पार्टियों का दावा है कि यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र को मिलने वाला था और भाजपा ने इसे गुजरात को सौंप दिया। वहीं, भाजपा ने इन सभी आरोपों को नकारते हुए उल्टा उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पूर्व सरकार को ही परियोजना हाथ से निकलने का दोषी ठहरा दिया है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने दावा करते हुए कहा है कि, निवेशकों को एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार पर भरोसा नहीं है और इसलिए राज्य से बाहर परियोजनाएं जा रही हैं। ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि निवेशकों को ‘खोके सरकार’ पर विश्वास नहीं है।