मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के अंतर्गत आने वाली लटेरी जेल के रमजान माह के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है, जिसमें इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि इफ्तार पार्टी से कोई गुरेज नहीं है लेकिन जेल में मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित है। ऐसे में उक्त वायरल वीडियो के पश्चात विदिशा कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला रमजान माह में आयोजित होने वाली इफ्तार पार्टी का है जो कि लगभग 8 दिवस पूर्व का बताया जा रहा है। जिसमें किसी मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें बकायदा कैदियों के लिए दस्तरखान बिछाकर उन्हें इफ्तार भी कराया गया, लेकिन नियम विरुद्ध जेल के अंदर प्रतिबंधित मोबाइल डिवाइस ले जाकर फोटो-वीडियो खींचे गए। इसे लेकर जेल की सुरक्षा व्यवस्था व कैदियों की निजता के हनन पर प्रश्न चिन्ह लगाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- MD ड्रग तस्करी में प्रतिष्ठित डॉक्टर को CBN ने किया गिरफ्तार, मामले को बताया जा रहा साजिश
उक्त मामले में विदिशा कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने संज्ञान लेते हुए कहा है कि मामला उनके संज्ञान में आया है जिसकी जांच कराई जा रही है। मै निश्चित रूप से कहना चाहूंगा कि जेल की सुरक्षा की प्राथमिकता है और सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच कराई जा रही है और इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- सतपुड़ा भवन में IAS अफसर के खिलाफ कर्मचारियों का हंगामा, एलडीसी को सस्पेंड करने पर भड़के
गौरतलब है कि जेलों के अंदर इफ्तार का आयोजन कोई नया नहीं है बल्कि इसके पूर्व में भी जेलों के अंदर कई तरह के आयोजन होते हुए आए हैं। जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निजता को दृष्टिगत रखते हुए मोबाइल वा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जेल में ले जाकर तस्वीर या वीडियो बनाना प्रतिबंधित है। संबंधित लोगों के द्वारा उक्त कृत्य को अंजाम देकर जेल के नियमों का उल्लंघन किया गया है,जो नहीं किया जाना चाहिए था।