विदिशा जिले के इस गांव की एक परंपरा है जो भुजरियां पर्व को अनोखा और खास बनाती है, जिसमे गांव के ग्रामीण और बंदूकधारी युवा एक जगह एकत्रित होते है और गांव में स्थित सबसे ऊंचे पेड़ पर टांगे गए नारियल को अपनी बंदूक का निशाना बनाते है। जब तक पेड़ पर टंगा हुआ नारियल बंदूक की गोली से फूट नहीं जाता, जब तक गांव के ग्रामीण भुजरियां का पर्व नहीं मनाते।
मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में भुजारिया का पर्व बड़े ही अनोखे और निराले अंदाज में मनाया जाता है। जिसकी चर्चा सिर्फ विदिशा में ही नही बल्कि पूरे प्रदेश में होती है। आपको बता दें विदिशा जिले के झूकर जोगी गांव में वर्षो से चली आ रही परंपरा के मुताबिक गांव में स्थित सबसे ऊंचे पेड़ पर नारियल को बांधा जाता है और बंदूकधारी उस पर निशाना लगाते है और जब तक बंदूक की गोलियों से नारियल नहीं फूटता जब तक गांव में भुजरियां नहीं मनाई जाती।
साथ ही इस आयोजन के दौरान मंदिर के सामने स्थित चौक में गांव की सभी भुजरियां इकट्ठा होती है और महिलाए मंगल गीत गाकर नृत्य करती है और निशाने बाज इकट्ठा होकर अपना अपना निशाना आजमाते है। इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांव से हजारों लोग इकट्ठा होते है। वहीं बंदूक से निशाना लगाकर नारियल को फोड़ने वाले बंदूकधारी को ग्रामीणों के द्वारा तय अनुसार इनाम भी दिया जाता है।
विदिशा से अमित रैकवार के साथ अब्दुल वसीम अंसारी की विशेष रिपोर्ट