शहडोल जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल की चोरी कर फरार हो गए। बुढार थाना क्षेत्र के अटल कॉम्प्लेक्स की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बुढार थाना क्षेत्र के अटल कॉम्प्लेक्स में स्थित एक दुकान का मलिक मोटरसाइकिल खड़ी कर काम में लग गया था। जब व्यापारी अपने काम से फुर्सत हुआ और घर जाने लगा तब देखा कि उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। व्यापारी ने पूछताछ की लेकिन उसकी कुछ पता नहीं लग पाया। व्यापारी ने जब अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा तो खुद हैरान रह गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि किस तरह एक युवक दुकान के सामने खड़ी बाइक को बिना स्टार्ट किए पैदल ही घसीटकर बाहर ले जा रहा है। युवक काफी समय से रैकी कर रहा था। जब मौका मिला तो वह बाइक को चुपचाप घसीटकर ले गया। थाना प्रभारी बुढार संजय जायसवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है व्यापारी की शिकायत पर मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।