नौरोजाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को प्रतिबंधित कप सिरप और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज सुबह लगभग 8 बजे की गई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम खोदरगवाँ सरई पानी रोड स्थित नर्सरी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना के अनुसार, प्रकाश तिवारी उर्फ़ गुड्डन (पिता प्रदीप तिवारी, उम्र 28 वर्ष) नामक व्यक्ति प्रतिबंधित कप सिरप की आपूर्ति करने के लिए खड़ा था।
ये भी पढ़ें; होली से पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में उमड़ी सैलानियों की भीड़, 14 को रहेगा बंद
मौके पर घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
सूचना की गंभीरता को देखते हुए नौरोजाबाद पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 35 नग ऑनरेक्स कप सिरप, एक लोडेड कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रतिबंधित कप सिरप का उपयोग नशे के लिए किया जाता है, जो युवाओं के बीच तेजी से फैल रहा है और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, औषधि अधिनियम की धारा 13 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है।
टीम की मुस्तैदी से सफलता
इस पूरी कार्रवाई में नगर निरीक्षक राजेशचंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रमोद पटेल, आरक्षक नरेंद्र सुलखे, अमरीश गौतम, रोशन विश्वकर्मा और महिला आरक्षक शाहीन मंसूरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर अवैध नशीले पदार्थों एवं हथियारों को जब्त किया।
ये भी पढ़ें; NSUI का अनोखा प्रदर्शन, 'भीख' मांगकर सरकार से मांगे छात्र अधिकार और रोजगार
नशे के कारोबार पर लगेगी रोक
पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए प्रयासरत है, और इस तरह की कार्रवाइयों से नशे के व्यापार में संलिप्त अपराधियों में भय व्याप्त हो रहा है। नौरोजाबाद पुलिस का यह अभियान युवाओं को नशे की चपेट में जाने से बचाने के लिए एक सराहनीय कदम है।