फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ujjain News: ईरान इजरायल युद्ध के बीच कतर मे फंसी उज्जैन की बहू मनीषा, सीएम यादव ने गृहमंत्री शाह से की बात

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Updated Wed, 25 Jun 2025 12:20 PM IST

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच कतर की राजधानी दोहा में उज्जैन की बहू मनीषा फंसी हुई हैं। मनीषा कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू के पद पर कार्यरत हैं। मनीषा का परिवार पहले से ही ईरान-इजरायल युद्ध की स्थिति को लेकर चिंतित था, लेकिन जब देर रात मनीषा से बात हुई तो वे और भी घबरा गए, क्योंकि दोहा में हालात काफी बिगड़ चुके हैं। मनीषा ने बताया कि ईरान ने जिस बेस पर मिसाइल दागी थी, वह इलाका उनके पास ही था। इस स्थिति से घबराई मनीषा की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की और परिवार को भरोसा दिलाया कि घबराएं नहीं, मनीषा सुरक्षित उज्जैन लौट आएंगी।

तीन वर्षों से दोहा में रह रही हैं मनीषा
मनीषा भटनागर उज्जैन के नानाखेड़ा स्थित अभिषेक नगर की रहने वाली हैं। वे पिछले तीन वर्षों से दोहा में रह रही हैं। उनके पति रजत भटनागर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। सोमवार रात मिसाइल हमले के बाद मनीषा ने जब रजत से बात की तो वह बेहद घबराई हुई थीं। उन्होंने बताया कि कतर के पास मिसाइल हमले की आवाजें साफ सुनाई दे रही थीं और दोहा में तनाव और दहशत का माहौल बन गया था।

कई बार की कॉल, फिर भी संपर्क नहीं हो सका
रजत भटनागर ने बताया कि मनीषा से संपर्क के कई प्रयास किए गए, लेकिन कुछ समय तक बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय दूतावास, कतर दूतावास, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को ईमेल भेजकर मनीषा की स्थिति और जानकारी साझा की है। 

ये भी पढ़े:  'अमर उजाला संवाद' में हिस्सा लेंगे विश्वास सारंग; मध्य प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर करेंगे चर्चा

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- उज्जैन निवासी रजत भटनागर की पत्नी श्रीमती मनीषा भटनागर दोहा, कतर में फंसी हुई हैं। इस प्रकरण में मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सहयोग के लिए अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए रखें और मनीषा की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें। उज्जैन जिला प्रशासन ने भी परिवार से संपर्क किया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़े:  मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर समेत 16 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, अगले चार दिन बदला रहेगा मौसम

सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मनीषा की सकुशल वापसी की उम्मीद जताई और कहा कि सरकार इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यह घटना न केवल मनीषा के परिवार को, बल्कि पूरे देश को मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव की गंभीरता से अवगत कराती है। हालांकि, भारत सरकार, मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के त्वरित प्रयासों के कारण स्थिति नियंत्रण में है और मनीषा की जल्द वापसी की उम्मीद की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें