कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर शुक्रवार सुबह भगवान महाकाल के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही हजारों श्रद्धालु विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के पावन दर्शन के लिए लाइन में लग गए। सुबह 4 बजे बाबा महाकाल के जागरण के साथ ही पूरा मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान से सम्पन्न हुई। वीरभद्र जी से आज्ञा लेने के बाद मंदिर के पट खोले गए और पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन-अभिषेक किया। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जल, दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से अभिषेक किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। इसके बाद पुजारियों ने भगवान महाकाल का दिव्य श्रृंगार किया। इस दौरान बाबा को नवीन मुकुट, रुद्राक्ष माला और मुंडमाला धारण कराई गई। कपूर आरती के पश्चात महानिर्वाणी अखाड़े के साधुओं ने भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की।
ये भी पढ़ें-करवा चौथ पर मध्य प्रदेश के शहरों में कब दिखेगा चांद, इस साल चंद्रमा भी होगा आपके ज्यादा पास
आज के शृंगार की विशेषता यह रही कि बाबा महाकाल के मस्तक पर करवा चौथ का चाँद सुसज्जित किया गया था। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जय श्री महाकाल के गगनभेदी नारों के साथ आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। आज के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
करवा चतुर्थी महापर्व पर होगी भजनों की प्रस्तुति
करवा चतुर्थी महापर्व के उपलक्ष में श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित श्री गणेश चौथ माता मंदिर में भजनों की विशेष प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम आज 10 अक्टूबर 2025 (कार्तिक कृष्ण चतुर्थी) को आयोजित होगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंदिर के समीप श्री चौथ माता गणेश मंदिर में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न महिला भजन मंडलियों द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। महेंद्र कटियार के निर्देशन में श्री महाकालेश्वर शयन आरती भक्ति मंडल गीता यादव के निर्देशन में महाकाल महिला मंडल एवं मंजू शर्मा के निर्देशन में महाकाल महिला भजन मंडल
अपनी प्रस्तुतिया देंगे। यह आयोजन भक्तों के लिए आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति भावना से ओतप्रोत वातावरण प्रदान करेगा।