उज्जैन में सावन महीने के तीसरे सोमवार पर विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर भगवान की तीसरी सवारी नगर भ्रमण पर निकली। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार, तीन बड़े नेता उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और राज्यमंत्री गौतम टेटवाल बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। जहां उन्होंने सभा मंडप में पालकी का पूजन किया। इसके पहले मंत्रियों ने डमरू बजाकर भगवान शिव को प्रसन्न करने का प्रयास भी किया। इसके बाद तीनों मंत्री बाबा महाकाल की सवारी में शामिल हुए और पूरे मार्ग में पैदल भ्रमण किया।