टीकमगढ़ जिले के कन्दवा गांव में लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद के चलते एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच संघर्ष और गंभीर हो गया। परिणामस्वरूप शुक्रवार को गोली चलने से एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को जतारा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने जानकारी दी कि गांव की निवासी माया पटेरिया को जमीनी विवाद के चलते उनके ही देवर द्वारा गोली मारी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। 12 बोर की बंदूक से की गई इस फायरिंग में छर्रे महिला के पैर में लगे, जिससे उसकी हालत स्थिर है। अस्पताल में महिला की सुरक्षा के लिए चार सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वे यह भी पता लगा रहे हैं कि गोली किस प्रकार की बंदूक से चलाई गई थी। यदि अवैध हथियार का उपयोग किया गया है, तो आरोपी के खिलाफ और भी कड़ी धाराएं लगाई जाएंगी।
आठ महीने पहले भी हुआ था खूनी संघर्ष
कन्दवा गांव के पटेरिया परिवार में जमीनी विवाद कोई नया नहीं है। आठ महीने पहले भी इसी परिवार में खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें घायल माया पटेरिया के बेटे ने आरोपी ओमप्रकाश पर गोली चला दी थी। ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका लंबा इलाज भी चला था। यह जमीनी विवाद लंबे समय से चल रहा है, जिसमें कई बार दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़पें हो चुकी हैं।