टीकमगढ़ शहर के देहात पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले दुर्गापुर गांव के रहने वाले हरिराम प्रजापति की अपने ही भाई से शुक्रवार शाम आपसी विवाद हो गया। दोनों में बहस हुई, इसके बाद हरिराम घर से निकल गया और खेत पर चला गया। छोटे भाई ने सोचा के खेत पर गया होगा, इसलिए कोई चिंता की बात नहीं है। लेकिन देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिजन सुबह उसको ढूंढने के लिए खेत पर पहुंचे खेत पर लगे पेड़ पर वह फांसी पर लटक रहा था। तुरंत इसकी सूचना देहात पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई की और लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय भेजा। मृतक हरिराम प्रजापति के छोटे भाई ने बताया कि मझले भाई और बड़े भाई के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बड़े भाई अचानक खेत पर चले गए और सुबह उनकी लटकती हुई लाश मिली है।
आज होगा पोस्टमॉर्टम
देहात पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और मौका स्थल का मुआयना करने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय भेजा गया है। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद लाश परिजनों के सुपुर्द कर दी जाएगी और इस मामले को विवेचना में लेने के लिए देहात पुलिस थाने में मर्ग कायम किया गया है।
मृतक हरिराम प्रजापति की उम्र लगभग 55 वर्ष थी, जो खेती किसानी करके अपने परिवार चलाता था। परिजनों ने बताया कि दोनों भाइयों के आपसी बहस के बाद बड़े भाई ने यह कदम उठाया है। परिजनों का कहना है कि उन लोगों ने सोचा नहीं था कि जो जीवन पर्यंत दोनों भाई मिलकर के अपने परिवार का संचालन कर रहे थे। लेकिन थोड़ी सी ही बात पर वह इतना बड़ा कदम उठा लेंगे और उनकी हंसती जिंदगी में गम का माहौल आ जाएगा। क्योंकि हर परिवार में विवाद होते हैं, लेकिन कोई भी परिजन इतना बड़ा कदम नहीं उठाता है कि अपने जीवन लीला समाप्त कर ले।