फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tikamgarh News: श्री राम विवाह में शामिल होने ओरछा पहुंचे शिवराज सिंह, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की

Tue, 25 Nov 2025 08:48 AM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे। राम विवाह महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मंडप पूजन के पावन अवसर पर वे भगवान राम राजा सरकार के दरबार में पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। उनके साथ निवाड़ी विधायक अनिल जैन, जिला कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दर्शन उपरांत पत्रकारों से चर्चा में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे स्वयं को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें भगवान राम राजा सरकार के चरणों में मत्था टेकने का अवसर प्राप्त हुआ।

गौरतलब है कि ओरछा, जिसे बुंदेलखंड की अयोध्या कहा जाता है, राम राज भक्ति और प्राचीन वैभव के लिए देशभर में विख्यात है। यहां स्थित राम राजा सरकार मंदिर भारत का एकमात्र स्थान है, जहां भगवान राम को राजा के रूप में स्थापित कर आज भी प्रहरी सलामी दी जाती है। जनश्रुति है कि मां जानकी स्वयं अयोध्या से भगवान राम को ओरछा लेकर आई थीं, जिसके बाद से यहां राम विवाह की शाश्वत परंपरा जीवंत रूप से मनाई जाती है। इसी कारण राम विवाह महोत्सव ओरछा में केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन की भावनाओं का उत्सव बन चुका है।

ये भी पढ़ें: Tikamgarh News: ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव का शुभारंभ, सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमग हो उठे घाट

हल्दी, मेहंदी, मंडप पूजन से लेकर विवाह शोभायात्रा तक हर रस्म अत्यंत भव्यता और पारंपरिक रीति से निभाई जाती है। इस बार जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और विधायक अनिल जैन ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

मंडप पूजन के बाद शिवराज सिंह चौहान देर रात ओरछा से टीकमगढ़ रवाना हुए, जहां वे भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए। ओरछा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आभा ने एक बार फिर राम विवाह महोत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें