फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tikamgarh News: बाइक सवार को बचाने के चक्कर में यात्री बस ठेले से टकराई, दो लोग घायल; उपचार जारी

Wed, 20 May 2026 10:49 AM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

झांसी से टीकमगढ़ आ रही एक यात्री बस बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते बच गई। हीरानगर गांव के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे फल के ठेले से जा टकराई। हादसे में बस चालक और फल बेचने वाला व्यक्ति घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बस में सवार यात्रियों में भी दहशत फैल गई। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस झांसी से टीकमगढ़ की ओर आ रही थी। इसी दौरान हीरानगर गांव के पास सामने अचानक एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को तेजी से मोड़ा, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे लगे चार पहिए के फल ठेले से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर मौजूद फल विक्रेता घायल हो गया। बस चालक को भी चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।

ये भी पढ़ें- MP: जल संचय के लिए बनाए गए तीन लाख स्ट्रक्चर, एमपी में पहले व देश में दूसरे स्थान पर डिंडौरी ने बनाई जगह

प्रत्यक्षदर्शी राम कुमार ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। उनका कहना है कि यह बस अक्सर गांव के पास से तेज गति में निकलती है और चालक आबादी वाले क्षेत्रों में भी वाहन की गति धीमी नहीं करते। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बस नियंत्रित नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के पास से गुजरने वाले भारी वाहनों और यात्री बसों की गति नियंत्रित कराई जाए। साथ ही नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद गांव में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें